SKMCH Hospital Muzaffarpur: एसकेएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार की शाम एक महिला मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई. इसके बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया. परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों के खिलाफ नारेबाजी की. इसी दौरान डॉक्टरों, मेडिकल कॉलेज के छात्रों और परिजनों के बीच झड़प हो गई, जिसमें मारपीट के दौरान तीन लोग घायल हो गए.
सदर अस्पताल से रेफर होकर आई थी महिला
जानकारी के अनुसार सांस फूलने की शिकायत होने पर रामबाग निवासी शबाना खातून को सदर अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद इलाज के लिए एसकेएमसीएच लाया गया था. परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही से मरीज की मौत हुई. परिजनों ने आरोप लगाया कि विवाद बढ़ने पर मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें अरमान, फैयाज और ऋषभ घायल हो गए.
पुलिस ने स्थिति पर पाया काबू, जांच शुरू
हंगामे की सूचना मिलते ही एसकेएमसीएच थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने परिजनों को लिखित आवेदन देने की सलाह दी है. अस्पताल के अधीक्षक डॉ महेश प्रसाद ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें:मुजफ्फरपुर: वृद्ध दंपती की हत्या में दो अज्ञात पर प्राथमिकी, किसी करीबी पर शक
