सीतामढ़ी के बेलसंड से तुषिम कुमार सोलंकी की रिपोर्ट
Sitamarhi News: मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड ने सीतामढ़ी के बेलसंड प्रखंड में भी मातम फैला दिया है. हादसे में जान गंवाने वालों में रूपौली गांव की रहने वाली चंचला वर्मा भी शामिल हैं. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पैर टूटने के बाद अस्पताल में कराई गई थी भर्ती
परिजनों के अनुसार चंचला वर्मा बुधवार को घर में गिर गई थीं, जिससे उनका पैर टूट गया था. इलाज के लिए उन्हें उसी शाम मुजफ्फरपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया, जिसके बाद उन्हें निगरानी के लिए आईसीयू में रखा गया था.
देर रात आग लगने से बिगड़े हालात
इसी बीच देर रात अस्पताल में भीषण आग लग गई. आग और धुएं के कारण अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. आईसीयू में भर्ती मरीजों को बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन हालात काफी गंभीर थे. इस दौरान दम घुटने से चंचला वर्मा की मौत हो गई. अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों को भी सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया.
गांव में पसरा मातम
चंचला वर्मा सौली वार्ड संख्या-3 में आंगनबाड़ी सेविका के रूप में कार्यरत थीं. वह अपने पीछे तीन बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं. उनके पति कुशेश प्रसाद चंदौली स्थित जगरनाथ सिंह महाविद्यालय में क्लर्क पद से सेवानिवृत्त हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है. रिश्तेदार और ग्रामीण लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं. वहीं, परिजन शव मिलने के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे हैं. प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है.
