Sipahi Bharti Pariksha: केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा विशेष शाखा में सिपाही पदों पर बहाली के लिए बुधवार को मुजफ्फरपुर जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा आयोजित की गई. परीक्षा में कुल 10,854 अभ्यर्थी शामिल हुए. परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की थी.
बीते दिन जिलाधिकारी कुमार गौरव और एसएसपी कांतेश मिश्रा ने संयुक्त बैठक कर सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया था. प्रशासन ने साफ कहा था कि परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी या कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
दो पालियों में परीक्षा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, फर्स्ट सिटिंग सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित हुई, जबकि दूसरी दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक चली. अभ्यर्थियों के लिए सुबह 8 बजे रिपोर्टिंग टाइम निर्धारित किया गया था. परीक्षा केंद्रों का मुख्य गेट सुबह 9 बजे बंद कर दिया गया. इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं थी.
कंट्रोल रूम से हुई लाइव मॉनिटरिंग
परीक्षा की निगरानी के लिए समाहरणालय में विशेष जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया था. यह कंट्रोल रूम सुबह 7 बजे से ही सक्रिय हो गया था. सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और उनकी लाइव स्ट्रीमिंग जिला नियंत्रण कक्ष से की जा रही थी. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को नियंत्रण कक्ष का प्रभारी बनाया गया है.
यह भी पढे़ं: Bihar NEET Scam 2026: टूटा स्टील बॉक्स, गायब रही कार्बन कॉपी… NEET परीक्षा में खुली हैरान करने वाली लापरवाही
प्रवेश से पहले सख्त जांच
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की गहन फ्रिस्किंग की गई. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती भी की गयी थी. परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, वाई-फाई गैजेट, स्मार्ट वॉच, साधारण घड़ी, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, व्हाइटनर, ब्लेड और इरेजर ले जाने की अनुमति नहीं है.
इन 17 केंद्रों पर परीक्षा
मुजफ्फरपुर जिले में एमडीडीएम कॉलेज, एलएनटी कॉलेज, आरडीएस कॉलेज, आरबीबीएम कॉलेज, रामेश्वर सिंह महाविद्यालय, एमपीएस साइंस कॉलेज, डॉल्फिन पब्लिक स्कूल, आबेदा उच्च विद्यालय, मारवाड़ी उच्च विद्यालय, क्राइस्ट ज्योति इंटरनेशनल स्कूल, मुखर्जी सेमिनरी, बीपी इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल, लाइसियम इंटरनेशनल स्कूल, चैपमैन बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, रेजोनेंस इंटरनेशनल स्कूल, बीबी कॉलेजिएट और द्वारिकानाथ उच्च माध्यमिक विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया था.
यह भी पढे़ं: IPS Success Story: ‘पास होने लायक नंबर तो ले आओ’… पिता की बात लगी दिल पर, बेटा बन गया IPS अफसर
