मुजफ्फरपुर में सुबह-सुबह मर्डर: झाड़ियों में पड़ा मिला शव, गार्ड का काम करता था मृतक

मुजफ्फरपुर के बेला थाना क्षेत्र में एक खाद और सीमेंट गोदाम के पीछे एक सुरक्षा गार्ड का शव झाड़ियों में अर्धनग्न अवस्था में मिला है. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पटना से FSL टीम को बुलाया गया है.

मुजफ्फरपुर क्राइम: बेला थाना क्षेत्र के फेज-1 स्थित नारायणपुर में खाद और सीमेंट गोदाम के पीछे सुरक्षा गार्ड का शव मिलने से गुरुवार को इलाके में सनसनी फैल गई. शव झाड़ियों में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा था. सूचना मिलते ही बेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी. ASP टाउन वन सुरेश कुमार मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गये हैं. मृतक काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नीम चौक का रहने वाला बताया जा रहा है और शहर के एक बड़े कारोबारी के यहां सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता था. मृतक का नाम शिवनारायण भगत बताया जा रहा है.

गोदाम के पीछे झाड़ियों में मिला शव

जानकारी के अनुसार, नारायणपुर फेज-1 में खाद एवं सीमेंट गोदाम के पीछे लोगों ने शव देखा. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और घटनास्थल को घेरकर सुरक्षित कर दिया.

शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस हत्या समेत अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है. शुरुआती तौर पर आशंका जतायी जा रही है कि हत्या के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया होगा. हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और मौत के कारण का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा.

काजीमोहम्मदपुर के नीम चौक का रहने वाला था गार्ड

मृतक की पहचान काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नीम चौक निवासी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह शहर के एक बड़े कारोबारी के यहां सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था.

पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है. सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे मामले का जल्द खुलासा करने की मांग कर रहे हैं.

मृतक के जताई हत्या की आशंका?

मृतक के बेटे ने मीडिया से बात करते हुए बताया, "सुबह एक व्यक्ति आ कर मां को बताया कि पिताजी की तबीयत खराब है, फिर हमने चार पांच बार पिताजी के नंबर पर कॉल किया. रिसीव नहीं हुआ तो हम सीधे मौके पर पहुंचे और देखा कि पिताजी की लाश झाड़ियों में पड़ी है. बेटे ने गला दबाकर हत्या की आशंका जताई है."

पटना से बुलाई गयी FSL टीम

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए पटना से फॉरेंसिक साइंस लैब यानी FSL की टीम को मौके पर बुलाया गया है. बेला थानाध्यक्ष प्रीतेश गिरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की निगरानी की.

FSL टीम घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक नमूने जुटाएगी. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा. पुलिस का प्रयास है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जा सकें.

CCTV फुटेज भी खंगाल रही पुलिस

बेला पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के दौरान या शव को यहां लाने के समय आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे.

थानाध्यक्ष प्रीतेश गिरी के अनुसार, घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है और वैज्ञानिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस फिलहाल सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

पुलिस के लिए अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच महत्वपूर्ण होगी. इससे मौत के कारण और घटनास्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी मिलने की उम्मीद है. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और CCTV फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है.

यह भी पढ़ें:

31 दिसंबर के बाद ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन वाली गाड़ियां होंगी अमान्य, जानें ऑनलाइन कराने की पूरी प्रक्रिया

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन सिंह

चंदन सिंह बीते 12 सालों से क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. 2016 से लगातार प्रभात खबर के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दैनिक जागरण और भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिये योगदान दे चुके हैं. क्राइम रिपोर्टिंग में इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म पर अधिक फोकस. पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >