मुजफ्फरपुर के सरैया में बंद महाप्रजापति गौतमी विद्यालय को चालू कराने के लिए जोरदार प्रदर्शन

सैकड़ों छात्र, शिक्षक और अभिभावक मुजफ्फरपुर में एक बंद स्कूल को फिर से खोलने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे. उन्होंने तत्काल स्कूल को दोबारा शुरू करने की जोरदार वकालत की है.

school protest: मुजफ्फरपुर जिले के सरैया प्रखंड के ऐतिहासिक गांव कोल्हुआ स्थित चंदासिरी बुद्ध विहार परिसर में महाप्रजापति गौतमी विद्यालय को विगत एक वर्ष से बंद रखे जाने के खिलाफ सैकड़ों छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अभिभावक सड़क पर उतर आए. मंगलवार को हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने विद्यालय को तत्काल प्रभाव से दोबारा चालू करने की पुरजोर मांग की. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वट थाई मंदिर वैशाली के भंते चालोंग चन्दसिरी ने कूटनीति के तहत गरीब बच्चों को मुफ्त शिक्षा से वंचित करने के उद्देश्य से स्कूल को बंद कराया है.

Muzaffarpur News: छात्रों की परेशानी और वैकल्पिक व्यवस्था

विद्यालय बंद होने से छात्र-छात्राओं का भविष्य दांव पर लग गया है. हालांकि वियतनाम मंदिर ट्रस्ट द्वारा प्रभावित बच्चों को वैशाली में संचालित दूसरे विद्यालय में पढ़ाने की व्यवस्था की गई है. लेकिन, वहां बच्चों की संख्या अत्यधिक होने के कारण पठन-पाठन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. छात्रों और अभिभावकों का मानना है कि कोल्हुआ स्थित विद्यालय के फिर से शुरू होने से बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से चल सकेगी.

प्रशासन की पहल और प्रबंधन का पक्ष

घटना की सूचना मिलते ही सरैया थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार और सीओ सुमित कुमार यादव दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और बच्चों को सुरक्षित वहां से हटाया. वहीं, भंते चालोंग चन्दसिरी ने बताया कि विद्यार्थियों को उकसाकर बेवजह दबाव बनाया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस परिसर में स्कूल को दोबारा चलाना संभव नहीं है.

प्रशासनिक समाधान की कोशिश

सीओ सरैया ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने के लिए एक नई तिथि तय करने का निर्णय लिया गया है. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार इस मामले पर कड़ी नजर रखे हुए है.

यह भी पढ़ें... डिलीवरी के बाद निजी अस्पताल में महिला की मौत, परिजनों ने किया भारी हंगामा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शिवेंद्र कुमार

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव. क्राइम, धर्म, पुरातत्व और राजनीति से जुड़ी ख़बरों पर उनकी मजबूत पकड़ है. वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >