मुजफ्फरपुर: सरैया नगर पंचायत में जेई से मारपीट का आरोप, दो जनप्रतिनिधियों पर शिकायत

मुजफ्फरपुर के सरैया नगर पंचायत में कनीय अभियंता ने एक पार्षद और पार्षद पुत्र पर मारपीट तथा धमकी देने का आरोप लगाया है. वहीं आरोपित पक्ष ने कमीशन मांगने के विरोध में हुई बहस की बात कही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पढ़ें पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर के सरैया से शिवेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: सरैया नगर पंचायत में विकास कार्यों के भुगतान को लेकर विवाद गहरा गया है. नगर पंचायत के कनीय अभियंता (जेई) संदीप कुमार ने वार्ड 12 के पार्षद गौरीशंकर सिंह और वार्ड 11 की पार्षद के पुत्र नरेश कुमार उर्फ छोटन चौधरी पर मारपीट, धमकी और प्रतिष्ठा हनन का आरोप लगाया है. मामले को लेकर सरैया थाना में आवेदन दिया गया है.

शिकायतों की जांच के दौरान हुआ विवाद

जेई संदीप कुमार ने अपने आवेदन में बताया है कि जनसहयोग शिविर समाप्त होने के बाद वे कार्यपालक पदाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न शिकायतों की जांच के लिए जा रहे थे. इसी दौरान वार्ड 12 के पार्षद गौरीशंकर सिंह और वार्ड 11 की पार्षद के पुत्र छोटन चौधरी ने उन्हें घेर लिया और कथित रूप से मारपीट की.

उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों ने उनका स्थानांतरण कराकर क्षेत्र छोड़ने की धमकी दी. साथ ही कहा कि यदि वे यहां से नहीं गए तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा. आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में भी फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से धमकियां दी गई थीं.

दो लोगों को बताया प्रत्यक्षदर्शी

जेई ने अपने आवेदन में वार्ड 2 के पार्षद इंद्रजीत सहनी के पुत्र राहुल कुमार तथा झूलफन सहनी के पुत्र चंदेश्वर सहनी को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया है.

आरोपित पक्ष ने आरोपों को बताया गलत

दूसरी ओर वार्ड पार्षद गौरीशंकर सिंह और नरेश कुमार उर्फ छोटन चौधरी ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में किए गए कार्यों के भुगतान के लिए जेई द्वारा भारी कमीशन मांगा जा रहा था. इसी का विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई थी. उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

सरैया पुलिस ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है. जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >