Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर शहर के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब अंचल से जुड़े कार्यों के लिए शहरी क्षेत्र के लोगों को मुशहरी अंचल कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. जिले के प्रभारी सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने घोषणा की है कि शहर के लिए अलग सदर अंचल बनाया जाएगा. इसके लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की स्वीकृति भी मिल चुकी है.
श्रावणी मेले के उद्घाटन के दौरान की घोषणा
श्रावणी मेले के उद्घाटन समारोह में पहुंचे प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि शहर के लोगों की लंबे समय से यह मांग थी कि मुशहरी अंचल कार्यालय दूर होने के कारण जमीन, दाखिल-खारिज, जाति, आय, निवास और अन्य राजस्व संबंधी कार्यों में काफी परेशानी होती है.
उन्होंने बताया कि सरकार ने इस मांग पर गंभीरता से विचार किया है और अब शहर के लिए अलग सदर अंचल खोलने का निर्णय लिया गया है.
साढ़े तीन लाख लोगों को मिलेगा लाभ
मंत्री ने कहा कि नए सदर अंचल के बनने से शहरी क्षेत्र के करीब साढ़े तीन लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. लोगों को अंचल कार्यालय तक पहुंचने में समय और खर्च दोनों की बचत होगी, साथ ही राजस्व संबंधी सेवाएं भी अधिक सुगमता से मिल सकेंगी.
प्रशासनिक काम होंगे आसान
सरकार का मानना है कि अलग सदर अंचल बनने से शहरी आबादी को स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध होंगी और मुशहरी अंचल पर काम का दबाव भी कम होगा.
यह भी पढ़ें: रौतिनिया कचरा प्रोसेसिंग प्लांट शुरू, अब रोज 500 टन कचरे का होगा निस्तारण
