बिहार वेदर: उत्तर बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. शुक्रवार को दिनभर कभी बूंदाबांदी तो कभी तेज बारिश का दौर चला, जबकि रात में कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 4 अगस्त तक कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 2 से 4 अगस्त के बीच वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, गोपालगंज, सिवान, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. वहीं उत्तर बिहार के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.
गरज-चमक और तेज हवा का भी अलर्ट
पूर्वानुमान में कहा गया है कि इस दौरान कई स्थानों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है.
इतना रहा तापमान
शुक्रवार को मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा.
किसानों के लिए राहत की उम्मीद
हालांकि पूरे उत्तर बिहार में लगातार और व्यापक बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन जिन जिलों में मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है, वहां किसानों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. पिछले कुछ दिनों से कम बारिश के कारण धान की खेती प्रभावित हो रही है.
यह भी पढ़ें: श्रावणी मेले के बीच कचरे से पटा शहर, सफाईकर्मी हड़ताल पर... क्या करेगा नगर निगम?
