पीएम मोदी जन्मदिन: मुजफ्फरपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर भाजपा की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया. पूर्वी मुजफ्फरपुर के विभिन्न मंडलों, शक्ति केंद्रों और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर कार्यक्रम में भाग लिया. पार्टी के अनुसार, कई स्थानों पर चौक-चौराहों और प्रमुख जगहों को दीपों से सजाया गया.
बिहार में सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है. इसके तहत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से जिलों से लेकर बूथ स्तर तक दीपोत्सव का आयोजन किया गया.
मंडल से बूथ स्तर तक हुए कार्यक्रम
पूर्वी मुजफ्फरपुर भाजपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अभियान को जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रखते हुए मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक आयोजित किया गया. कई जगहों पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने दीप प्रज्वलित किए.
पार्टी के अनुसार, कुछ स्थानों पर दीप प्रज्वलन के साथ केक काटने और आतिशबाजी का भी आयोजन किया गया. कार्यक्रमों में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए.
जिलाध्यक्ष और जिला संयोजक के नेतृत्व में आयोजन
भाजपा के अनुसार, पूर्वी मुजफ्फरपुर में कार्यक्रमों का संयोजन जिलाध्यक्ष विवेक कुमार और जिला संयोजक सह महामंत्री मनोज तिवारी के नेतृत्व में किया गया. इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेवा और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने की बात कही.
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा, प्रदेश मंत्री मुकेश शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रभात मालाकार और जिला प्रभारी रमेश श्रीवास्तव समेत कई पदाधिकारी विभिन्न स्थानों पर मौजूद रहे.
25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को लेकर अभियान
सेवा संकल्प अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के संदर्भ में आयोजित किया जा रहा है. अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ के अलावा सेवा, जनसंपर्क और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं.
मुजफ्फरपुर में भी भाजपा की ओर से अभियान को मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संचालित करने की योजना बनाई गयी है. इससे पहले जिले में अभियान को लेकर कार्यशाला आयोजित कर 13 कार्यक्रमों के लिए संयोजकों को जिम्मेदारी दी गयी थी.
कार्यक्रमों में जिला महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए. भाजपा नेताओं के अनुसार, अभियान के दौरान सेवा और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखा जायेगा.
यह भी पढे़ं:
