गर्मी से पहले ही पानी के लिए हाहाकार: चंदवारा का बोरिंग फेल, चार वार्डों में पानी किल्लत

Outcry for water even before summer:

::: निगम प्रशासन की बढ़ी बेचैनी, नये बोरिंग के लिए तेज हुई जगह की तलाश

::: जेल पंप से पाइपलाइन जुड़ी, फिर भी राहत नहीं

वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुर

मुजफ्फरपुर शहर में गर्मी की दस्तक के साथ ही पेयजल संकट गहरा गया है. चंदवारा के पानीकल कैंपस में लगा दो दशक पुराना बोरिंग फेल हो गया है. इससे वार्ड नंबर 16, 43, 44 और 45 में भीषण पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है. इन इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बोरिंग के फेल होने की सूचना मिलते ही नगर निगम हरकत में आया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने तत्काल जेल पंप से पानी के मेन पाइपलाइन में कनेक्शन जोड़ा है. इसके अलावा, इन चारों वार्डों में मौजूद सभी सबमर्सिबल पंपों को भी मेन पाइपलाइन से जोड़ने का काम तेजी से किया जा रहा है. सोमवार को पूरे दिन निगम के अधिकारी और जल कार्य शाखा से जुड़े इंजीनियर व कर्मचारी परेशान दिखे. कभी शहर में बिछे पुराने पाइपलाइन का नजरी-नक्शा देख रहे थे, तो कभी वैकल्पिक व्यवस्था की तलाश के लिए जल कार्य शाखा से जुड़े पुराने कर्मियों से संपर्क साध उनकी राय जानने में जुटे थे. नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि पानीकल कैंपस में फेल हुए 50 एचपी के बोरिंग के बदले नए बोरिंग के लिए उपयुक्त स्थान की तलाश की जा रही है. जल्द ही नए बोरिंग का काम शुरू कर दिया जायेगा, ताकि लोगों को पानी की समस्या से निजात मिल सके.

बॉक्स: नये कर्मियों के हाथ में जलापूर्ति का कमान, बढ़ेगी परेशानी

नगर निगम का जलापूर्ति शाखा की कमान पूरी तरह से नए कर्मियों के हाथ में सौंपी गई है, जिन्हें शहर में पानी की सप्लाई को लेकर कोई ज्ञान नहीं है. ऐसे में इस बार गर्मी में काफी परेशानी होगी. क्योंकि, शहर का भू-जल स्तर काफी नीचे जा चुका है. बारिश नहीं होने पर भू-जल स्तर में तेजी से गिरावट होगी. ऐसे में दशकों पुराने पंप से पानी आपूर्ति बहाल रखना नए कर्मियों के लिए मुश्किल होगा. जानकार बताते हैं कि स्थिति सुधरने की बजाय और खराब होगी. आधा दर्जन से अधिक पंप फेल होने के कगार पर है.

बॉक्स :: नयी बोरिंग व पाइपलाइन से भी राहत नहीं

शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए नगर निगम अभी नल-जल के तहत कई नयी योजनाओं पर काम कर रहा है. इन योजनाओं के तहत नए बोरिंग लगाए जा रहे हैं और पुरानी पाइपलाइनों को बदला जा रहा है. लोगों को नियमित रूप से पानी मिल सके इसके लिए नगर निगम प्रयासरत है. पानी की कमी से जूझ रहे लोगों के लिए नगर निगम टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति कर रहा है. बावजूद, लोगों को राहत नहीं है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJAY KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >