स्नातक ऑनस्पॉट नामांकन: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) में चार वर्षीय स्नातक कोर्स (सत्र 2026-30) में प्रवेश से वंचित रह गए 25 हजार से अधिक विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. विश्वविद्यालय प्रशासन अब रिक्त सीटों को भरने के लिए ऑन स्पॉट नामांकन का अंतिम मौका देने की योजना बना रहा है. उम्मीद जताई जा रही है कि इसी सप्ताह इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए जाएंगे.
छह मेधा सूचियों के बाद भी सीटें खाली
विश्वविद्यालय में स्नातक नामांकन प्रक्रिया पिछले कई महीनों से चल रही है. इस दौरान कुल छह राउंड की मेधा सूचियां जारी की गईं और चयनित छात्रों को कॉलेज आवंटित किए गए. इसके बावजूद कॉलेजों में हजारों सीटें खाली रह गईं, जबकि लगभग 25 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं मनपसंद विषय या कॉलेज न मिलने की वजह से दाखिले से वंचित रह गए हैं.
निजी व संबद्ध कॉलेजों को मिलेगी बड़ी राहत
ऑन स्पॉट नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से सबसे अधिक फायदा संबद्ध (प्राइवेट एफिलिएटेड) महाविद्यालयों को होगा:
- सीटों की भरपाई: अंगीभूत कॉलेजों की सीटें भरने के बाद वंचित छात्र सीधे संबद्ध कॉलेजों की खाली सीटों पर रुख करेंगे.
- कॉलेजों की मांग पूरी: निजी कॉलेज संचालक लगातार विश्वविद्यालय से ऑन स्पॉट प्रक्रिया जल्द शुरू करने का अनुरोध कर रहे थे.
- छात्रों का साल बचेगा: इस फैसले से उन हजारों छात्रों का एक साल बर्बाद होने से बच जाएगा, जो अब तक किसी सूची में जगह नहीं बना पाए थे.
जल्द जारी होगी आधिकारिक अधिसूचना
विश्वविद्यालय प्रशासन बची हुई सीटों का ब्योरा पोर्टल पर अपडेट कर जल्द ही छात्रों को ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से सीधे कॉलेजों में संपर्क करने की छूट दे सकता है.
ये भी पढ़ें: बिहार में रूफटॉप सोलर लगाना हुआ बेहद सस्ता: केंद्र व राज्य सरकार मिलकर देंगी ₹98 हजार तक की भारी सब्सिडी
