Baby Found in Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर जिले के गरहां थाना क्षेत्र अंतर्गत हमीदपुर गांव के समीप शुक्रवार को मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई. सड़क किनारे झाड़ी में एक नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा मिला. झाड़ियों से मासूम के रोने की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों के कदम ठिठक गए. घटना की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
स्थानीय निवासियों ने बताया कि सड़क किनारे गुजरते वक्त झाड़ियों से किसी बच्चे के रोने की आवाज आ रही थी. जब लोगों ने पास जाकर देखा तो वहां एक नवजात शिशु असाय अवस्था में पड़ा हुआ था. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी.
एसकेएमसीएच में चल रहा इलाज
सूचना मिलते ही गरहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को तुरंत अपनी सुपुर्दगी में लिया. पुलिस ने बिना देरी किए बच्चे को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है.
आसपास के इलाकों में पूछताछ में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष सेंटू कुमार ने बताया कि हमीदपुर गांव के पास सड़क किनारे झाड़ी से एक नवजात शिशु बरामद हुआ है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आसपास के गांवों में पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात को वहां किसने छोड़ा था.
