सावन 2026: सावन माह में बाबा वैद्यनाथ धाम की आस्था चरम पर है. इसी कड़ी में शुक्रवार को मुजफ्फरपुर के न्यू एरिया कांवर संघ की ओर से 67 श्रद्धालुओं का जत्था सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ. यात्रा से पहले सभी श्रद्धालुओं ने बाबा गरीबनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना की. इसके बाद श्रद्धालु इंटरसिटी एक्सप्रेस से सुल्तानगंज के लिए रवाना हुए. रेलवे स्टेशन परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से भक्तिमय हो उठा.
बाबा गरीबनाथ धाम में पूजा के बाद किया प्रस्थान
न्यू एरिया कांवर संघ के संरक्षक एवं थोक वस्त्र विक्रेता ट्रस्ट के अध्यक्ष मोतीलाल छापड़िया के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने सबसे पहले बाबा गरीबनाथ धाम में विधिवत पूजा-अर्चना की. इसके बाद सभी कांवरियों ने सुल्तानगंज के लिए प्रस्थान किया, जहां से वे उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर देवघर स्थित बाबा वैद्यनाथ धाम तक पैदल कांवर यात्रा करेंगे.
इंटरसिटी एक्सप्रेस से पहुंचे सुल्तानगंज
श्रद्धालुओं का जत्था इंटरसिटी एक्सप्रेस से सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ. स्टेशन पर परिजनों और श्रद्धालुओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. यात्रा के दौरान पूरा माहौल शिवभक्ति में डूबा नजर आया और स्टेशन परिसर 'बोल बम' के नारों से गूंजता रहा.
67 श्रद्धालु बने यात्रा का हिस्सा
इस धार्मिक यात्रा में संजय पोद्दार, श्रवण छापड़िया, हर्ष छापड़िया, अनिल छापड़िया, जगदंबा मोदी, धीरज पोद्दार, दिलीप मोदी, प्रमोद तुलस्यान सहित कुल 67 श्रद्धालु शामिल हुए. सभी श्रद्धालु सुल्तानगंज से जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए बाबा वैद्यनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे.
यह भी पढे़ं: सावन 2026: सावन के हर सोमवार बंद रहेंगे शहर के सभी स्कूल, DM का बड़ा आदेश
