Muzaffarpur road accident: मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां थाना क्षेत्र अंतर्गत मुजफ्फरपुर-दरभंगा पुरानी सड़क पर रामदास मझौली में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. सोमवार को तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से पैदल जा रहे एक 38 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई. मृतक की पहचान बाजितपुर मझौली गांव निवासी भगवान मिश्रा के पुत्र राकेश कुमार मिश्रा के रूप में हुई है.
बाजार जाने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार मिश्रा सोमवार को अपने घर से बोचहां बाजार कुछ सामान खरीदने के लिए पैदल जा रहे थे. इसी दौरान बोचहां की ओर से मझौली की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक अपनी दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया. बाद में स्थानीय लोगों ने बाइक को पुलिस के हवाले कर दिया.
अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई. स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल राकेश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही बोचहां थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेज दिया.
परिवार का इकलौता सहारा था राकेश
स्थानीय लोगों ने बताया कि राकेश कुमार मिश्रा मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. वह मुजफ्फरपुर स्थित एक कपड़े की दुकान में काम करते थे. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है. पत्नी ब्यूटी कुमारी और पुत्र मयंक कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में पूरी तरह से मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. पूर्व मुखिया केदार पासवान सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सरकार से मृतक के आश्रित परिवार को सरकारी मुआवजा देने की मांग की है.
बाइक जब्त, चालक की तलाश में जुटी पुलिस
बोचहां थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस फरार बाइक चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें... सीतामढ़ी: खेत में मोटर से पटवन कर रहे किसान को लगा करंट, मौके पर हुई मौत
