Muzaffarpur: आंधी-बारिश से 33 KV लाइन के 4 से ज्यादा पोल टूटे, कई इलाकों में ब्लैकआउट और सड़क जाम

मुजफ्फरपुर में रविवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई. बीएमपी-6 मार्ग पर विशालकाय पेड़ गिरने से 33 KV हाईटेंशन लाइन के चार से अधिक पोल टूट गए. इससे कई इलाकों में बिजली गुल हो गई और यातायात ठप पड़ गया.

मुजफ्फरपुर: तेज आंधी-तूफान और बारिश ने रविवार की शाम शहर में भारी तबाही मचा दी. बीएमपी-6 मार्ग पर विशालकाय पेड़ गिरने से 33,000 वोल्ट (33 KV) हाईटेंशन लाइन के चार से अधिक कंक्रीट पोल टूटकर गिर गये. इसके अलावा मुजफ्फरपुर क्लब और पानी टंकी चौक के पास भी पुराने पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गये. इससे कई प्रमुख इलाकों में यातायात पूरी तरह ठप हो गया.

कई इलाकों में ब्लैकआउट, बिजली पोल और तार क्षतिग्रस्त


टूटे हाईटेंशन लाइन के पोल

पेड़ और बिजली के पोल गिरने से बीएमपी-6, बेला, मिस्काट, क्लब रोड और पानी टंकी फीडर से जुड़े इलाकों में पूरी तरह ब्लैकआउट छा गया. बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम, बिजली विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं. कटर मशीनों की मदद से पेड़ों को काटकर रास्ता साफ करने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया. विभागीय अधिकारियों के अनुसार, क्षतिग्रस्त तारों और पोलों की मरम्मत के बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकेगी.

तेज आंधी से कई प्रमुख सड़कों पर गिरे पेड़


बीएमपी-6 रोड पर आंधी-बारिश से गिरा विशालकाय पेड़

रविवार की शाम मौसम के बदले मिजाज के साथ अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हुई. आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि शहरी इलाके के कई प्रमुख मार्गों पर बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गये.

पेड़ गिरने से शहर की मुख्य सड़कों पर घंटों आवागमन बाधित रहा. सड़क पर पेड़ और टहनियां गिरने के कारण वाहनों की आवाजाही रुक गयी और लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी झेलनी पड़ी.

पानी टंकी चौक पर चहारदीवारी भरभराकर गिरी


पानी टंकी चौक के पास चहारदीवारी गिरने के बाद सड़क पर बिखरा मलबा.

आंधी-बारिश के दौरान सबसे विकट स्थिति पानी टंकी चौक के पास बनी. यहां डाकघर की शाखा की चहारदीवारी भरभराकर अचानक मुख्य सड़क की ओर गिर गयी. दीवार गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गयी.

सड़क किनारे फल और सब्जियों की दुकानें लगाकर बैठे फुटपाथी दुकानदार किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे. हालांकि, दीवार के मलबे की चपेट में आने से उनकी फल और सब्जियों की टोकरियां दबकर बर्बाद हो गयीं. इससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान पहुंचा.

जेसीबी से हटाया गया मलबा, फिर सामान्य हुआ यातायात


जेसीबी की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ों और टहनियों को काटकर किनारे हटाया गया

शहर का व्यस्ततम इलाका होने के कारण पेड़ गिरने और चहारदीवारी ढहने से मुख्य सड़क पूरी तरह ब्लॉक हो गयी. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं और राहगीर घंटों फंसे रहे.

सूचना मिलने के बाद मौके पर राहत कार्य शुरू कराया गया. बाद में निगम प्रशासन और स्थानीय स्तर पर जेसीबी की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ों और टहनियों को काटकर किनारे हटाया गया. काफी मशक्कत के बाद मलबा साफ कर यातायात सामान्य कराया जा सका.

यह भी पढ़ें

Bank Strike: 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल, लगातार 5 दिन बैंकिंग कामकाज प्रभावित होने की आशंका

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ankit kumar

प्रभात खबर मुजफ्फरपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हूं. पत्रकारिता में आठ वर्षों का अनुभव है. शिक्षा और क्राइम बीट पर विशेषज्ञता है. एमजेएमसी और एम.ए पॉलिटिकल साइंस के साथ एलएलबी की डिग्री प्राप्त है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >