Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के प्रतिभाशाली निशानेबाज़ स्वराज भारद्वाज ने देहरादून में आयोजित 7वीं बुल्सआई ओपन शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए. उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल ISSF जूनियर पुरुष वर्ग और 10 मीटर एयर राइफल ISSF सब यूथ पुरुष वर्ग में पहला स्थान हासिल किया.
देहरादून में हुआ आयोजन
यह प्रतियोगिता 10 से 12 जुलाई 2026 तक उत्तराखंड के देहरादून स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित की गई. प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह 13 जुलाई को हुआ, जिसमें स्वराज भारद्वाज को दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया.
देशभर के निशानेबाज़ों के बीच दिखाया दम
देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली निशानेबाज़ों के बीच स्वराज ने बेहतरीन तकनीकी कौशल, शानदार एकाग्रता और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए दोनों स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान हासिल किया. उनकी सफलता को कठोर अभ्यास और अनुशासित तैयारी का परिणाम माना जा रहा है.
मुजफ्फरपुर और बिहार का बढ़ाया मान
स्वराज की इस दोहरी स्वर्णिम उपलब्धि से स्वराज शूटिंग अकादमी एंड एजुकेशनल ट्रस्ट, मुजफ्फरपुर और पूरे बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है. उनकी इस सफलता पर खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने खुशी जताई है.
