Muzaffarpur News: मनियारी थाना क्षेत्र के महादेव मठ के समीप अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल भूजा विक्रेता मनीष कुमार उर्फ ढोकना (36 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई. रविवार दोपहर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. पोस्टमार्टम के बाद शव मिलते ही देर शाम स्थानीय श्मशान घाट पर उसका दाह संस्कार कर दिया गया. इस घटना के बाद से गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन है.
Maniyari News: महादेव मठ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर मूल निवासी मनीष कुमार उर्फ ढोकना अपने पिता के निधन के बाद से ही अपनी मां के साथ ननिहाल महंत मनियारी में रह रहा था. वह इलाके में घूम-घूमकर भूजा बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था.
रविवार की दोपहर वह किसी कार्य से निकला था, तभी महादेव मठ के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित अज्ञात ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मनीष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया.
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल अवस्था में उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन अत्यधिक चोट लगने के कारण उसने इलाज के दौरान ही दम तोड़ दिया.
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई.
वृद्ध मां का इकलौता सहारा था मनीष, परिवार पर टूटा संकट
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मनीष अपनी वृद्ध मां का इकलौता सहारा था. भूजा बेचकर मिलने वाली मामूली आमदनी से ही घर का चूल्हा जलता था. उसकी असामयिक मौत के बाद जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिवार के सामने भरण-पोषण का गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, सभी की आंखें नम हो गईं. देर शाम स्थानीय श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ.
फरार चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित वृद्ध मां को आपदा राहत कोष के तहत उचित आर्थिक मुआवजा उपलब्ध कराया जाए. इसके साथ ही घटनास्थल से फरार अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है.
पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात ट्रक की तलाश की जा रही है.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर होकर चलेगी पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन,जानें रूट और टाइमिंग
