Population Stability Fortnight: बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर जिला स्वास्थ्य समिति, मुजफ्फरपुर और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संयुक्त तत्वावधान में 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ परिवार का संदेश देना है.
इस वर्ष अभियान का संदेश है— "जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल."
यह भी पढ़ें: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
सरकारी अस्पतालों में मिलेंगी नि:शुल्क सेवाएं
पखवाड़े के दौरान जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन से जुड़ी विभिन्न सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं. लाभार्थियों के साथ-साथ उन्हें प्रेरित करने वाले उत्प्रेरकों के लिए भी सरकार की ओर से कार्य क्षतिपूर्ति और प्रोत्साहन राशि का प्रावधान किया गया है.
मुफ्त मिलेंगे ये परिवार नियोजन साधन
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को परिवार नियोजन अपनाने के लिए परामर्श भी दिया जा रहा है. इसके साथ ही निम्नलिखित गर्भनिरोधक साधन नि:शुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं—
- माला-एन (दैनिक गर्भनिरोधक गोली)
- छाया (साप्ताहिक गर्भनिरोधक गोली)
- ईसीपी (आपातकालीन गर्भनिरोधक गोली)
- निरोध (कंडोम)
जानकारी के लिए यहां करें संपर्क
जिला स्वास्थ्य समिति ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि परिवार नियोजन संबंधी जानकारी या सेवाओं का लाभ लेने के लिए अपने क्षेत्र की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO), एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका, विकास मित्र, जीविका दीदी अथवा नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें.
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि परिवार नियोजन अपनाने से मां और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है तथा परिवार के समग्र विकास में भी मदद मिलती है.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
