Police Didi: मुजफ्फरपुर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक प्रभावी पहल की है. मुख्यमंत्री के विशेष निर्देशों के आलोक में महिला सुरक्षा के लिए गठित अभया ब्रिगेड की सक्रियता को बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस केंद्र से 25 दोपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने सभी पुलिस दीदियों को संबोधित करने के बाद इस दस्ते को शहर के विभिन्न इलाकों में गश्त के लिए रवाना किया.
Bihar police News: सार्वजनिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों पर रहेगी पैनी नजर
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने गश्ती दल को हरी झंडी दिखाने से पूर्व सभी पुलिस दीदियों को ड्यूटी के दौरान बरती जाने वाली सतर्कता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए. एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. यह विशेष टीम शहर के संवेदनशील और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सतत निगरानी रखेगी ताकि असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके.
pink helmet squad: प्रमुख बाजारों और कोचिंग इलाकों में विशेष पेट्रोलिंग
पुलिस दीदियों की यह टीम स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास सुबह-शाम मुस्तैद रहेगी ताकि छात्राओं का आवागमन सुरक्षित हो सके. इसके अलावा रक्षाबंधन के त्यौहार पर पार्क, मॉल और भीड़भाड़ वाले मुख्य बाजारों में सतत पेट्रोलिंग की जाएगी. बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पहुंच मार्ग एवं प्रमुख चौराहों पर भी पुलिस दीदी की पैनी नजर रहेगी.
महिलाओं को मिलेगा भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण
इस विशेष अभियान से अभया ब्रिगेड की कार्यशैली और प्रभावशीलता को और अधिक मजबूती मिलेगी. मुजफ्फरपुर पुलिस का मानना है कि शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस दीदी की मौजूदगी से असामाजिक तत्वों में डर पैदा होगा और महिलाओं को एक सुरक्षित, सहज और भयमुक्त वातावरण प्राप्त हो सकेगा. पिंक हेलमेट पहने पुलिस दीदी की टीम की मुस्तैदी से महिलाओं के चेहरे पर सुरक्षा का भरोसा साफ नजर आ रहा है.
