मुजफ्फरपुर क्राइम रिकॉर्ड: जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पूर्ण शराबबंदी को लेकर अगस्त माह में चलाये गये विशेष अभियान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर चले अभियान के दौरान कुल 1886 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. इनमें 878 अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है.
शराब के खिलाफ कार्रवाई में 166 गिरफ्तार
पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ भी लगातार छापेमारी की गयी. शराब से जुड़े मामलों में 166 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया.
इस दौरान पुलिस ने कुल 30,451 लीटर शराब जब्त की. इसमें 652 लीटर देशी शराब और 29,799 लीटर विदेशी शराब शामिल है. शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए जिले के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया गया.
3593 वारंट का हुआ निष्पादन
अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को गति देते हुए पुलिस ने अगस्त में 3593 वारंटों का निष्पादन किया. वहीं, 278 मामलों में कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की गयी.
पुलिस के इस अभियान में फरार और वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई पर भी विशेष जोर रहा. अधिकारियों के अनुसार, अपराध नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रखे जाएंगे.
10 हथियार और 14 कारतूस बरामद
अपराधियों के खिलाफ चलाये गये अभियान के दौरान पुलिस ने 10 हथियार बरामद किये. इसके अलावा 14 कारतूस और दो खोखा भी जब्त किया गया.
विभिन्न मामलों में पुलिस ने 1,44,390 रुपये नकद भी बरामद किये हैं. इसके साथ ही अलग-अलग कार्रवाई में कुल 62 वाहनों को भी जब्त किया गया.
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई
अपराध नियंत्रण के साथ यातायात व्यवस्था को लेकर भी अगस्त में वाहन जांच अभियान चलाया गया. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 34,84,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य अपराध पर नियंत्रण के साथ कानून व्यवस्था को मजबूत करना और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है.
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि जिले में अपराधियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. पुलिस की कार्रवाई के साथ शराबबंदी और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी निगरानी जारी रहेगी.
यह भी पढे़ं;
मुजफ्फरपुर में लावारिस भ्रूण मिलने से मचा हंगामा, लोगों ने अवैध नर्सिंग होम पर उठाये सवाल
