मुजफ्फरपुर: बाथरूम के अंदर फंदे से झूलता मिला युवक का शव, परिजनों ने पत्नी पर लगाया मर्डर का आरोप

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के सादपुरा में एक मजदूर का शव संदेहास्पद स्थिति में फंदे से लटका मिला. परिजनों ने पत्नी और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया. पुलिस और FSL की टीम मामले की जांच कर रही है.पढे़ं पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सादपुराधनुखर टोला में बुधवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 33 वर्षीय मजदूर का शव उसके घर के बाथरूम में फंदे से लटका हुआ पाया गया. मृतक की पहचान कुढ़नी थाना क्षेत्र के रामचंद्रा गांव निवासी विवेक कुमार के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में कोहराम मचगया. सूचना पर पहुंची पुलिस और एफएसएल की टीम ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. वहीं, मृतक के परिवार वालों ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए मौके पर जमकर हंगामा किया.

ससुराल के पास किराए पर रहता था युवक

मजदूर विवेक कुमार वर्तमान में सादपुराधनुखर टोला में अपनी पत्नी के साथ ससुराल के पास ही एक किराए के मकान में रह रहा था. बुधवार की सुबह जब उसकी पत्नी कमरे में सो रही थी, उसी दौरान विवेक का शव बाथरूम में फंदे से लटका हुआ मिला. जैसे ही इसकी भनक आसपास के लोगों और विवेक के पैतृक गांव रामचंद्रा के परिजनों को लगी, भारी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.

परिजनों का हंगामा, हत्या का लगाया आरोप

घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक विवेक के गांव से रोते-बिलखते परिजन सादपुरापहुंचे. विवेक का शव देखते ही उनके सब्र का बांध टूट गया. परिजनों ने विवेक की पत्नी और उसके ससुराल वालों पर प्रताड़ना और हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का सीधा आरोप लगाया. देखते ही देखते मौके पर परिजनों का आक्रोश भड़क गया और उन्होंने जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया. स्थिति तनावपूर्ण होती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना काजीमोहम्मदपुर पुलिस को दी.

पुलिस और पार्षद ने कराया शांत, FSL ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए काजीमोहम्मदपुर थानेदार चंद्र भूषण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. उनके साथ वार्ड 33 के पार्षद नूरैन आलम भी घटनास्थल पर आए. दोनों ने आक्रोशित परिजनों को उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया और काफी समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया. इसके बाद पुलिस की विशेष मांग पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया.

पति-पत्नी में अक्सर होता था विवाद

घटना के संबंध में वार्ड पार्षद नूरैन आलम ने बताया कि विवेक और उसकी पत्नी के बीच अक्सर पारिवारिक विवाद होता रहता था. कुछ दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़े की शिकायत आई थी, जिसके बाद पंचायत बुलाकर मामले को शांत कराया गया था. थानेदार चंद्र भूषण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या हत्या.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >