Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर जिले की कथैया थाना पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने रविवार को कथैया थाना क्षेत्र के सिरसिया जगदीश गांव में छापेमारी की. यहां एक मुर्गी फार्म की आड़ में चल रही अवैध नकली विदेशी शराब बनाने की मिनी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया है. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में निर्मित शराब, स्प्रिट और पैकेजिंग के उपकरण बरामद किए हैं. इसके साथ ही दो धंधेबाजों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
मुर्गी फार्म की आड़ में चल रहा था नकली शराब फैक्ट्री
डीएसपी पश्चिमी सिचित्रा कुमारी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिरसिया जगदीश गांव निवासी रौशन सिंह के मुर्गी फार्म पर अवैध रूप से नकली विदेशी शराब बनाई जा रही है. इस नकली शराब को नामचीन ब्रांड्स के रैपर लगाकर बाजारों में ऊंचे दामों पर बेचा जाता था. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुर्गी फार्म पर अचानक धावा बोल दिया. पुलिस की इस अचानक दबिश से मौके पर मौजूद धंधेबाजों में हड़कंप मच गया और पुलिस ने घेराबंदी कर दो लोगों को दबोच लिया.
भारी मात्रा में शराब, स्प्रिट, पैकेजिंग मशीन और हजारों बोतलें जब्त
मुर्गी फार्म की तलाशी के दौरान पुलिस ने जो बरामदगी की, उसे देखकर अधिकारी भी दंग रह गए. मौके से 137 लीटर 850 मिलीलीटर तैयार विदेशी शराब, 30 लीटर जहरीला स्प्रिट, 180 एमएल की 7,000 खाली प्लास्टिक बोतलें, शराब पैक करने वाली मशीन, नामी शराब कंपनियों के नकली रैपर और स्टीकर सहित 200 अन्य खाली बोतलें और शराब बनाने के कई उपकरण जब्त किए गए हैं. पुलिस ने सभी सामानों को सील कर दिया है.
नेपाल का धंधेबाज भी शामिल, मुख्य आरोपी की तलाश तेज
मौके से गिरफ्तार किए गए शराब कारोबारियों में रामपुर भेड़ियाही निवासी टुनटुन कुमार और नेपाल के मोरंग जिला निवासी दिनेश कुमार शामिल हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस धंधे के तार नेपाल और बिहार के किन-किन अन्य जिलों से जुड़े हैं. इस मिनी फैक्ट्री के मुख्य संचालक रौशन सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
मुज़फ़्फ़रपुर के मोतीपुर से अशोक कुमार पांडेय की रिपोर्ट
