Muzaffarpur News: साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे रसूखदार नेताओं को भी अपना निशाना बना रहे हैं.ताजा मामला मुजफ्फरपुर का है, जहां एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह का मोबाइल नंबर साइबर ठगों ने हैक कर लिया है.इस बात का खुलासा तब हुआ जब उनके व्हाट्सएप नंबर से उनके परिचितों और शुभचिंतकों को आर्थिक मदद के मैसेज भेजे जाने लगे.
यूपीआई में नेटवर्क इशू है, 2 घंटे में लौटा दूंगा
इंटरनेट पर एमएलसी के व्हाट्सएप चैट का एक स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है.इस चैट में ‘Dinesh Singh Muz’ के नाम से एक परिचित को मैसेज भेजा गया है.मैसेज में लिखा है, “एक हेल्प चाहिए था.28 हजार ऑनलाइन हो पाएगा क्या.मेरा यूपीआई नेटवर्क इशू है, 2 घंटे में रिटर्न कर देंगे.सामने वाले व्यक्ति ने इसे सच समझ लिया और पैसे भेजने की हामी भरते हुए क्यूआर कोड (स्कैनर) की मांग की.
एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह ने फेसबुक पर की अपील
मामले की गंभीरता को देखते हुए एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट का सहारा लिया.उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट साझा कर लोगों को आगाह किया है.उन्होंने लिखा कि उनका मोबाइल नंबर हैक हो चुका है.अगर इस नंबर से कोई भी उनके नाम पर पैसे या किसी भी तरह की आर्थिक सहायता मांगता है, तो कृपया कोई जवाब न दें और पैसे न भेजें.
राजनीतिक गलियारों और पुलिस महकमे में हड़कंप
उन्होंने लोगों से इस जानकारी को ज्यादा से ज्यादा शेयर करने की अपील की है ताकि उनका कोई भी परिचित इस धोखाधड़ी का शिकार न हो सके.बिहार के एक वरिष्ठ राजनेता के साथ हुई इस साइबर ठगी की घटना के बाद से राजनीतिक गलियारों से लेकर पुलिस महकमे तक में हड़कंप मचा हुआ है और मामले की चर्चा जोरों पर है.
