Muzaffarpur News:एक प्रेमी युगल ने परिवार वालों के कड़े विरोध के बावजूद घर से भागकर शादी कर ली. दोनों वर्तमान में 12वीं कक्षा के छात्र हैं और पिछले दो साल से एक-दूसरे से प्यार करते हैं. दोनों ने अपने बालिग होने का दावा करते हुए बताया कि उन्होंने शादी के लिए परिवार को मनाने की कोशिश की थी, लेकिन जब वे नहीं मानें तो उन्हें यह कदम उठाना पड़ा.दोनों पूर्वी चंपारण के छौड़ादानो इलाके के रहने वाले
पिता की बीमारी का झूठा नाटक और बीच रास्ते में हमला
परिजनों के इनकार के बाद शनिवार की रात दोनों चुपके से भागकर पटना पहुंचे. रविवार की सुबह करीब आठ बजे एक मंदिर में उन्होंने हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली. इसी बीच लड़के के पास फोन आया कि उसके पिता की तबीयत बेहद खराब है और वे अस्पताल में भर्ती हैं. पिता की बीमारी की खबर सुनकर घबराया युवक अपनी नई नवेली पत्नी के साथ गाड़ी से घर के लिए रवाना हो गया. लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि यह उसे फंसाने की एक चाल थी. सफर के दौरान उनके साथ मौजूद एक मौसेरे भाई ने लड़की के परिजनों को उनकी लोकेशन दे दी. खबरा के पास घात लगाए बैठे परिजनों ने गाड़ी रुकवा ली और लड़की की मांग का सिंदूर जबरन धोने की कोशिश की.
सुरक्षा की गुहार लेकर थाने पहुंचा नवविवाहित जोड़ा
इस अचानक हुए हमले से सहमे प्रेमी युगल ने किसी तरह खुद को बचाया और सीधे सदर थाने पहुंचे. शुक्रवार की दोपहर थाने पहुंचे जोड़े ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई और सुरक्षा की मांग की. सदर थानेदार नवलेश कुमार ने बताया कि प्रेमी युगल से शुरुआती पूछताछ की गई है. दोनों के परिजनों को फोन कर थाने बुलाया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों को सुनने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मुजफ्फरपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट
