Muzaffarpur News: विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के प्रतिष्ठित लंगट सिंह (एलएस) महाविद्यालय परिसर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ बीसीए सेकंड सेमेस्टर के एक छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसके गले से सोने की चेन छीन ली गई. इस संबंध में पीड़ित छात्र ने विश्वविद्यालय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस सब-इस्पेक्टर बबीता कुमारी को मामले की जांच सौंपी गई है.
परीक्षा देकर लौट रहे छात्र को घेरा, मांगी रंगदारी
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बोचहां के सिमरी गोपीलालपुर निवासी राजेश कुमार के पुत्र अनंत कुमार ने पुलिस को बताया कि वह परीक्षा समाप्त होने के बाद अपने घर लौटने के लिए निकला था. इसी दौरान कॉलेज परिसर में स्थापित लंगट सिंह मूर्ति के समीप आदर्श ठाकुर, सुंदरम ठाकुर, अनमोल, अभिषेक और चार-पांच अज्ञात छात्रों ने उसे जबरन रोक लिया. आरोपियों ने छात्र से कहा कि अगर इस कॉलेज में पढ़ना है, तो रंगदारी देनी होगी.
लोहे की रॉड से हमला, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
जब पीड़ित छात्र अनंत ने रंगदारी देने का विरोध किया, तो सभी आरोपियों ने मिलकर लोहे के रॉड से उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी. मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली और दोबारा कॉलेज में दिखने पर जान से मारने की धमकी दी. इस हमले में छात्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया है. यह पूरी वारदात कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके फुटेज के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
