Muzaffarpur News: उत्तर बिहार से राजधानी पटना के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए सोमवार से सफर बेहद आरामदायक होने जा रहा है. पूर्व मध्य रेल (इसीआर) ने गाड़ी संख्या 15201-02 बगहा-पाटलिपुत्र-बगहा इंटरसिटी एक्सप्रेस की बोगियों में स्थायी रूप से बढ़ोतरी कर दी है. अब यह ट्रेन 12 के बजाय 16 कोच के साथ पटरी पर दौड़ेगी.
भीड़भाड़ से मिलेगी मुक्ति, जनरल कोचों में बढ़ेगी क्षमता
इस महत्वपूर्ण बदलाव से मुजफ्फरपुर सहित बगहा, बेतिया और सुगौली के हजारों दैनिक यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों को रोजाना होने वाली भारी भीड़ से बड़ी राहत मिलेगी. अक्सर सुबह के समय इस ट्रेन के जनरल कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिलती थी, जिसे देखते हुए रेलवे ने इसकी क्षमता बढ़ाने का यह बड़ा फैसला लिया है.
मुजफ्फरपुर और सुगौली के यात्रियों को विशेष लाभ
सुबह 8:40 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचने वाली इस इंटरसिटी एक्सप्रेस में बोगियों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को बैठने के लिए पर्याप्त जगह मिल सकेगी. रेलवे के इस कदम से न सिर्फ यात्रियों का सफर सुगम होगा, बल्कि समय की बचत के साथ-साथ पटना आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों और कारोबारियों को भी बड़ी सहूलियत मिलेगी.
मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
