Muzaffarpur News: जिले के औराई थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहाँ अमनौर पंचायत के महरौली गांव में एक किशोर की पोखर में डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान महरौली गांव निवासी लक्ष्मी ठाकुर के 13 वर्षीय पुत्र नीतेश कुमार के रूप में की गई है. इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दोपहर से लापता था किशोर, सुबह पोखर में उतराता मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार, 13 वर्षीय नीतेश कुमार कल दोपहर से ही अचानक लापता था. देर शाम तक परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला. आज सुबह जब ग्रामीण अमनौर ब्रह्म स्थान स्थित पोखर की तरफ गए, तो उन्होंने पानी में एक शव को उतराते हुए देखा. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना नीतेश के परिजनों को दी.
स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी गई सूचना
पोखर के पास पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान लापता नीतेश कुमार के रूप में की. किशोर का शव मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. इस दर्दनाक हादसे की जानकारी तुरंत स्थानीय थाना और अंचलाधिकारी (सीओ) को दे दी गई है. पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
मुजफ्फरपुर के औराई से फिरोज अख्तर की रिपोर्ट.
