Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला के औराई प्रखंड के जनार पंचायत अंतर्गत बेदौल गांव की बदहाल सड़क ग्रामीणों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है. लगभग पांच हजार की आबादी वाले इस गांव को एनएच 22 से जोड़ने वाली मुख्य ग्रामीण सड़क पर बने नाले के ऊपर रखे स्लैब कई जगहों से टूट चुके हैं.सड़क के बीच बने बड़े सुराख लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं.
बुजुर्ग और बच्चे सबसे अधिक प्रभावित
स्थानीय लोगों के अनुसार रोजाना बुजुर्ग, बच्चे और अन्य ग्रामीण इस टूटे हिस्से में गिरकर घायल हो रहे हैं.सड़क की स्थिति ऐसी हो गई है कि गांववासियों को हर दिन खतरे के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है. इसके बावजूद न तो जनप्रतिनिधि और न ही प्रशासन मरम्मत के लिए गंभीरता दिखा रहा है.
ग्रामीणों ने की शीघ्र मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क और नाले के टूटे स्लैब की मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो बड़ा हादसा हो सकता है. गांववासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा.
मुजफ्फरपुर के औराई से फिरोज अख्तर की रिपोर्ट
