मुजफ्फरपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: जिले में साइबर अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है. ताजा मामला श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसकेएमसीएच) से सामने आया है, जहां कार्यरत एक स्टाफ नर्स साइबर ठगों का शिकार बन गईं. ठगों ने नर्स का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर उनके ही परिचित से 50 हजार रुपये की ठगी कर ली है.
सीनियर नर्स का व्हाट्सएप हैक कर मांगा रुपया
पीड़िता बबीता कुमारी एसकेएमसीएच में स्टाफ नर्स (ग्रेड-ए) के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने इस संबंध में अहियापुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. बबीता कुमारी के अनुसार उनकी सीनियर नर्स रंजू कुमारी के व्हाट्सएप नंबर से उन्हें एक मैसेज आया था. इसमें बेहद जरूरी काम होने का हवाला देते हुए तत्काल 50 हजार रुपये की मांग की गई थी.
दो बार में ट्रांसफर किए पैसे, जांच में जुटी पुलिस
सीनियर का मैसेज मानकर बबीता कुमारी ने बिना किसी संदेह के दो बार में कुल 50,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए. पैसे भेजने के कुछ समय बाद जब बातचीत हुई, तब पता चला कि सीनियर नर्स का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो चुका था. ठगों ने उनके नाम का दुरुपयोग कर यह राशि हड़प ली. पीड़िता ने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की. अहियापुर थाना पुलिस ने बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है. एसआई ललन कुमार मामले की जांच कर रहे हैं.
