मुजफ्फरपुर: मुक्तिधाम में मानवता शर्मसार, गार्ड की दबंगई के कारण बिना दाह संस्कार लौटे परिजन

Muzaffarpur News: सिकंदरपुर मुक्तिधाम में गार्ड की दबंगई के कारण एक परिवार को आधी रात को बिना दाह संस्कार किए शव लेकर लौटना पड़ा. नगर आयुक्त ने मामले की जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. पढ़ें पूरी खबर…

Muzaffarpur News: शहर के सिकंदरपुर स्थित बूढ़ी गंडक नदी किनारे बने मुक्तिधाम में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार रात एक महिला का शव लेकर अंतिम संस्कार करने पहुंचे परिजनों को वहां तैनात गार्ड ने रोक दिया. करीब तीन घंटे तक मृतका के परिजन और ग्रामीण हाथ जोड़कर गुहार लगाते रहे, लेकिन उन्हें शवदाह की अनुमति नहीं मिली. अंततः पीड़ित लोग आधी रात को शव वापस गांव लेकर लौट गए और अगले दिन सुबह खबड़ा गांव के बगुलिया श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया. इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.

‘सीएम भी बोलेंगे तो नहीं होने दूंगा’, नशे में धुत गार्ड ने दी धमकी

शिकायतकर्ता रंजन कुमार (ग्राम-खबड़ा) ने बताया कि 19 मई की रात करीब 12 बजे वे एसकेएमसीएच से अर्चना कुमारी का शव लेकर सिकंदरपुर मुक्तिधाम पहुंचे थे. उनके साथ गांव के 50 लोग भी थे. परिजनों का आरोप है कि वहां तैनात गार्ड अर्जुन ने शवदाह से साफ इनकार कर दिया. काफी मिन्नतें करने पर उसने कथित तौर पर कहा कि मुख्यमंत्री भी बोलेंगे, तब भी दाह संस्कार नहीं होगा. ग्रामीणों का आरोप है कि गार्ड नशे में धुत था और उसने कहा कि यहाँ सिर्फ दीपू और अशोक जी का राज चलता है. अधिकारियों के नंबर भी बंद मिले.

नगर आयुक्त ने दिए जांच के आदेश, उप महापौर ने व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना के बाद खबड़ा पंचायत के मुखिया पति पंकज कुमार ने कहा कि मुक्तिधाम 24 घंटे खुला रहना चाहिए, रात में शव को वापस करना बेहद निंदनीय है. मामले पर संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने कहा कि पीड़ित पक्ष से जानकारी लेकर जांच कराई जाएगी और दोषी कर्मियों पर सख्त कानूनी व विभागीय कार्रवाई होगी. वहीं उप महापौर डॉ मोनालिसा ने कहा कि यह घटना शर्मसार करने वाली है और ऐसा प्रतीत होता है कि मुक्तिधाम की व्यवस्था अब निगम अधिकारियों के नियंत्रण में नहीं है.

मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >