मुजफ्फरपुर: शादी में जा रहे दंपत्ति को बदमाशों ने मारी गोली, 3 खोखा बरामद

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के सकरा में शादी में जा रहे दंपत्ति बदमाशों ने गोली मार दी है. अपराधियों ने पहले लूट की कोशिश की, जब दंपत्ति ने विरोध किया तो गोली मार दी. दोनों गंभीर रूप से घायल हैं. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पढे़ं पूरी खबर…

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के सकरा इलाके से एक बेहद दर्दनाक और खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां शादी में शामिल होने जा रहे एक दंपत्ति पर बदमाशों ने हमला कर दिया. लूट की नीयत से की गई इस घटना में पति-पत्नी को गोली मार दी गई, जिससे दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है.

शादी में शामिल होने जा रहे थे दंपत्ति

घटना सकरा थाना क्षेत्र के मड़वन गांव के पास की है. जानकारी के मुताबिक, वैशाली जिले के चिकनौटा गांव निवासी 30 वर्षीय सोहन कुमार अपनी पत्नी श्वेता कुमारी और चार साल के बेटे श्रेयांश के साथ बाइक से ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान सुनसान जगह पर पहले से घात लगाए दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया.

घटनास्थल से बरामद हुए तीन खोखे

बदमाशों ने दंपत्ति से गहने लूटने की कोशिश की और विरोध करने पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अफरा-तफरी में बाइक से गिरकर उनका मासूम बेटा भी जख्मी हो गया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को तुरंत मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

यह भी पढ़ें: मोबाइल छीनने से नाराज किशोरी ने की खुदकुशी, परिजन लगा रहे हत्या का आरोप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >