मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर नगर निगम क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के उद्देश्य से मंगलवार को विभिन्न वार्डों में ‘सहयोग शिविर’ लगाए जा रहे हैं. नगर निगम और जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इस शिविर में नागरिक अपनी शिकायतें, सुझाव और समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे. शिविर के माध्यम से आवेदन प्राप्त कर उन्हें तत्काल ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा, ताकि समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके.
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा शिविर
नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह के निर्देश पर आयोजित होने वाले ये शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित किए जा रहे हैं. प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के तहत अधिकारियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों की तैनाती की गई है. प्राप्त आवेदनों को मौके पर ही ‘सहयोग पोर्टल’ पर अपलोड किया जाएगा.
इन वार्डों में बनाए गए हैं शिविर स्थल
वार्ड संख्या-01 के लिए राजकीय मध्य विद्यालय, ब्रह्मपुरा (एमआईटी गेट के सामने), वार्ड-02 के लिए अंचल कार्यालय परिसर और वार्ड-03 के लिए राजकीय मध्य विद्यालय, दाउदपुर को शिविर स्थल बनाया गया है. वहीं वार्ड-04 में राजकीय मध्य विद्यालय, जुरन छपरा तथा वार्ड-05 में खुदीराम बोस स्टेडियम परिसर में शिविर आयोजित किया जा रहा है.
नागरिकों की सुविधा का रखा गया ध्यान
नगर निगम ने सभी शिविर स्थलों पर बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल और चलंत शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. सफाई, जलजमाव, नाला, स्ट्रीट लाइट, पेयजल या अन्य निगम संबंधी समस्याओं को लेकर लोग अपने वार्ड के निर्धारित शिविर में आवेदन दे सकते हैं. आवेदन मिलने के बाद उसे संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा.
