मुजफ्फरपुर: भीषण सड़क हादसा, पत्नी को लाने ससुराल जा रहे बाइक सवार को ट्रक ने कुचला

Muzaffarpur News: साहेबगंज में एसएच 74 पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मजदूर राजू राम की मौत हो गई. वह अपनी पत्नी को लाने ससुराल जा रहा था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जानिए पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर के साहेबगंज से गोविन्द प्रसाद की रिपोर्ट.

Muzaffarpur News:  नगर परिषद के नारायण चौक के पास एसएच 74 पर ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. इस भीषण हादसे में बाइक सवार राजू राम (35) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतक वैद्यनाथपुर खाप निवासी सिंहासन राम का पुत्र था. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.

पत्नी को लाने ससुराल जा रहा था मृतक

बताया गया है कि राजू राम बाइक पर सवार होकर अपनी पत्नी को विदा कराने ससुराल करजा जा रहा था. इसी दौरान नारायण चौक के समीप सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे बुरी तरह कुचल डाला. हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे दारोगा सुमित कुमार ने युवक को खून से लथपथ हालत में देखा. उन्होंने तत्काल तत्परता दिखाते हुए उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, ट्रक चालक गिरफ्तार

राजू की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे दो पुत्रियों (5 वर्ष और 3 वर्ष) और महज 15 दिन के नवजात बेटे को छोड़ गया है. वह तमिलनाडु के चेन्नई में एक लोहा फैक्ट्री में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक और उसके चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. सूचना पर पहुंची साहेबगंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >