मुजफ्फरपुर के मनियारी से श्याम कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद एक और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए मनियारी थाना क्षेत्र के पकाही गांव निवासी बृजनंदन राय उर्फ विद्या राय ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
पटना में इलाज के दौरान हुई मौत
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में लगी आग के दौरान बृजनंदन राय गंभीर रूप से झुलस गए थे. उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए उन्होंने देर रात अंतिम सांस ली. शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद उनका शव गांव लाया गया.
शव पहुंचते ही मचा कोहराम
जैसे ही एंबुलेंस से शव उनके पैतृक गांव पकाही पहुंचा, पूरे इलाके में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पत्नी अपने पति के शव से लिपटकर विलाप करने लगी, जबकि बच्चों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे. यह भावुक दृश्य देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीण भी खुद को संभाल नहीं सके.
प्रशासन और जनप्रतिनिधि पहुंचे घर
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय सरपंच प्रतिनिधि सतीश कुमार पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी. इसके बाद मनियारी थाना प्रभारी जितेंद्र महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अंचलाधिकारी अनिल कुमार संतोषी ने भी परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की.
परिवार को मिली आर्थिक सहायता
सीओ ने आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मिलने वाली चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक मृतक की पत्नी को सौंपा. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में प्रशासन और सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है.
