मुजफ्फरपुर से कुमार दीपू की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: कंपनीबाग स्थित प्रधान डाकघर में रविवार को वित्तीय वर्ष 2025-26 के व्यावसायिक कार्यों की समीक्षा बैठक सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर पोस्टमास्टर जनरल (पीएमजी) पवन कुमार सिंह ने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में बचत खाता, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, डाक जीवन बीमा और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में मुजफ्फरपुर प्रमंडल का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है. उन्होंने गर्व जताते हुए कहा कि बचत खाता खोलने के क्षेत्र में उत्तरी क्षेत्र मुजफ्फरपुर और बिहार परिमंडल ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है.
डिजिटल और जनउपयोगी सेवाओं से बदल रहा डाक विभाग
पीएमजी ने मुजफ्फरपुर प्रमंडल के कार्यों की समीक्षा करते हुए संतोष व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि डाक विभाग अब पूर्ण बदलाव की ओर अग्रसर है. अपने पारंपरिक कार्यों को सुचारू रूप से जारी रखने के साथ-साथ विभाग अब पासपोर्ट सेवा, आधार सेवा, डाक जीवन बीमा, आर्टिकल बुकिंग और डिजिटल लेन-देन जैसी कई जनउपयोगी और महत्वाकांक्षी योजनाओं को भी मजबूती से संचालित कर रहा है.
पिछले वित्तीय वर्ष में खुले 2.01 लाख नए खाते, कर्मी सम्मानित
उन्होंने इस सफलता का पूरा श्रेय अपनी टीम को देते हुए बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में रिकॉर्ड 2.01 लाख नए खाते खोले गए हैं. उन्होंने कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एकाग्रता और पूरी क्षमता से काम करने पर कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं होता. इस दौरान वर्ष 2025-26 में बेहतरीन कार्य करने वाले डाक कर्मियों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया. कार्यक्रम में प्रभाकर प्रसाद वर्मा, दीपक साह, नटवर लाल, सरोज कुमार, गौरव कुमार, रंजित कुमार और प्रियदर्शिनी सहित कई अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.
