मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से मोटी रकम ठगने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है. गुरुवार को आयोजित एक प्रेसवार्ता में सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने पूरे मामले का खुलासा किया.
मरीन ड्राइव पर रची जा रही थी साजिश, पुलिस ने मारा छापा
सिटी एसपी ने बताया कि तीन जून को सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मरीन ड्राइव पर कुछ जालसाजों द्वारा सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही स्थानीय थाना की विशेष टीम ने बिना वक्त गंवाए तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की. इस दौरान पीड़ित आदित्य पांडेय के लिखित आवेदन के आधार पर सिकंदरपुर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को दबोच लिया.
कार, मोबाइल और नकदी बरामद, अन्य सदस्यों की तलाश तेज
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पानापुर करियात निवासी शुभम कुमार और सुशांत कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से ठगी में इस्तेमाल की जाने वाली एक कार, तीन मोबाइल फोन और 12 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं. सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार अभियुक्तों के पुराने आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है और पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
