Muzaffarpur News: पारू थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में मंगलवार की देर रात बिजली विभाग की लापरवाही से एक बड़ा हादसा हो गया. यहां 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से एक 55 वर्षीय महिला बुरी तरह झुलस गई. घायल महिला की पहचान बसंतपुर निवासी पान दुकानदार अजय साह की पत्नी मंजू देवी के रूप में हुई है. इस घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
अंधेरे के कारण हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, मंजू देवी रात के समय पास की एक किराना दुकान से जरूरी सामान खरीदकर अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान सड़क किनारे से गुजरने वाला 11 हजार वोल्ट का हाई टेंशन तार अचानक टूटकर नीचे गिरा हुआ था. रात का अंधेरा होने के कारण महिला को जमीन पर गिरे तार का अंदाजा नहीं मिल सका और उनका पैर उस पर पड़ गया. करंट लगते ही महिला बुरी तरह झुलस कर अचेत होकर वहीं गिर पड़ी.
मेडिकल कॉलेज रेफर
घटना के तुरंत बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. परिजनों ने आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को सरैया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि महिला काफी ज्यादा झुलस चुकी है और उसकी स्थिति अत्यंत नाजुक है. बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज (SKMCH) रेफर कर दिया है. ग्रामीण बिजली विभाग की इस लापरवाही पर भारी आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं.
मुजफ्फरपुर के पारू से मनीष की रिपोर्ट
