मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: पंकज कुमार गुप्ता ने एनटीपीसी कांटी में नए परियोजना प्रमुख (ब्यूरो चीफ) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है. इससे पहले वे मुख्य महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे. श्री गुप्ता विद्युत क्षेत्र में 34 वर्षों से अधिक का लंबा और समृद्ध अनुभव रखते हैं. उनके आने से एनटीपीसी कांटी के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.
एक्जीक्यूटिव ट्रेनी से शुरू हुआ सफर, कई परियोजनाओं में निभाई मुख्य भूमिका
पंकज कुमार गुप्ता ने वर्ष 1991 में एनटीपीसी में एक्जीक्यूटिव ट्रेनी के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी. अपने लंबे और सफल कार्यकाल के दौरान उन्होंने एनटीपीसी की विभिन्न महत्वपूर्ण इकाइयों और विभागों में बड़ी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है. वे कहलगांव परियोजना, कॉर्पोरेट सेंटर, ऊर्जा संक्रमण एवं नीति समूह तथा हाल ही में एनटीपीसी मेजा में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं. परियोजना अभियांत्रिकी, यांत्रिक प्रणालियों, ऊर्जा संक्रमण, पर्यावरणीय प्रबंधन और योजना के क्षेत्रों में उनकी विशेष विशेषज्ञता रही है.
आईआईटी दिल्ली से की है पढ़ाई, तकनीकी और प्रबंधकीय कार्यों में हैं एक्सपर्ट
शैक्षणिक रूप से भी श्री गुप्ता का रिकॉर्ड उत्कृष्ट रहा है. उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली से एप्लाइड मैकेनिक्स में एमटेक की उपाधि प्राप्त की है. अपने व्यावसायिक जीवन में उन्होंने देश-विदेश में आयोजित कई तकनीकी, प्रबंधकीय एवं नेतृत्व विकास कार्यक्रमों में भाग लिया है.
पदभार ग्रहण करने के बाद साझा किया अपना विजन और लक्ष्य
कार्यभार संभालने के बाद पंकज कुमार गुप्ता ने कहा कि एनटीपीसी कांटी ने ऊर्जा उत्पादन, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में जो विशिष्ट पहचान बनाई है, उसे आगे भी जारी रखा जाएगा. उनका प्रयास परिचालन उत्कृष्टता और सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखना होगा. साथ ही बालिका सशक्तिकरण अभियान जैसे सीएसआर (CSR) कार्यक्रमों को प्रभावी बनाकर स्थानीय समुदायों के विकास में भागीदारी सुदृढ़ की जाएगी.
