मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपार्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर नगर निगम की ‘मेयर कैबिनेट’ यानी सशक्त स्थायी समिति के 7 सदस्यों के चुनाव को लेकर शहर की राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है. शनिवार को होने वाले इस बेहद अहम चुनाव से ठीक पहले एक बड़ा उलटफेर हुआ है. महापौर खुद मैदान छोड़कर जिले से बाहर निकल चुकी हैं, जिसके बाद अब यह पूरा चुनावी मुकाबला सीधे तौर पर वर्तमान बनाम पूर्व विधायक की प्रतिष्ठा की जंग में तब्दील हो चुका है. जीत दर्ज करने वाले सदस्यों का चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद शपथ ग्रहण कराया जाएगा.
7 सीटों के लिए 14-16 दावेदार, सुबह 8 बजे से डीएम ऑफिस में वोटिंग
सशक्त स्थायी समिति की कुल 7 सीटों के लिए इस बार 14 से 16 पार्षदों द्वारा अपनी उम्मीदवारी पेश किए जाने की संभावना है. इस मिनी सरकार पर कब्जा जमाने के लिए दोनों ही गुटों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. वर्तमान विधायक गुट के पाले से वार्ड 27 के अजय कुमार ओझा, वार्ड 29 के सनत कुमार, वार्ड 21 के केपी पप्पू, वार्ड 30 की सुरभि शिखा, वार्ड 32 की आरती राज, वार्ड 3 के मो. अंजार और वार्ड 41 की सीमा झा चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ पूर्व विधायक गुट से वार्ड 28 के राजीव कुमार पंकू, वार्ड 10 के अभिमन्यु चौहान, वार्ड 42 की अर्चना पंडित, वार्ड 5 के मनौवर हुसैन, वार्ड 14 के अमित रंजन, वार्ड 15 की गनिता देवी और वार्ड 40 के मो. इकबाल हुसैन मैदान में हैं.
देर रात तक चली ‘भोज डिप्लोमेसी’, आज होगा फैसला
चुनावी समीकरणों के लिहाज से इस समय जोड़-तोड़ की सियासत में पूर्व विधायक का पलड़ा थोड़ा भारी दिखाई दे रहा है. शुक्रवार की देर रात तक दोनों ही गुटों के पार्षदों की अलग-अलग गुप्त ठिकानों पर बैठकें और भारी भोज का दौर चलता रहा, जहां पार्षदों को एकजुट रखने के लिए रणनीतियां बनीं. इस मिनी सरकार को हथियाने के लिए आज सुबह 08 बजे से जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय में मतदान की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. अब देखना दिलचस्प होगा कि आज मुजफ्फरपुर के पार्षद किस गुट के सिर पर जीत का सेहरा बांधते हैं.
