मुजफ्फरपुर के मीनापुर से संतोष कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर प्रखंड अंतर्गत प्रोजेक्ट राम जानकी बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महदेईया में मंगलवार को बिहार सरकार के विशेष सहयोग शिविर का भव्य आयोजन किया गया.इस शिविर में अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़उमड़पड़ी.जल संसाधन विभाग के सचिव सह जिले के प्रभारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने खुद इस विशेष सहयोग शिविर का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
प्रभारी सचिव ने रैंडम कॉल कर जानी काम की हकीकत
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने न केवल आवेदनों की स्थिति देखी, बल्कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एक अनोखा कदम उठाया.उन्होंने जिन आवेदकों के मामलों का निष्पादन हो चुका था, उन्हें मौके पर ही रैंडम कॉल (अचानक फोन) लगाकर फीडबैक लिया.उन्होंने बातचीत कर जांच की कि आवेदकों की समस्याओं का समाधान वास्तव में धरातल पर हुआ है या नहीं.सचिव की इस सक्रियता से ब्लॉक और अंचल के कर्मियों में हड़कंप मचा रहा.
288 में से 265 मामलों का ऑनस्पॉट निपटारा
मीनापुर के बीडीओ संजय कुमार सिंहा ने शिविर की सफलता के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि इस विशेष कैंप में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 288 आवेदन प्राप्त हुए थे.जिला प्रशासन की मुस्तैदी के कारण इनमें से 265 आवेदनों का ऑनस्पॉट (मौके पर ही) निष्पादन कर दिया गया.शेष बचे आवेदनों को भी जल्द से जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया है.
आवेदकों की सुविधा के लिए लगाए गए थे 13 स्टाल
ग्रामीणों को अपने काम के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए स्कूल परिसर में 13 अलग-अलग विभागीय स्टाल लगाए गए थे.इन स्टालों पर अंचल, प्रखंड, बाल विकास, कृषि और राजस्व से जुड़े मामलों की सुनवाई हो रही थी.इस मौके पर अंचलाधिकारी कुणाल कुमार गौरव, राजस्व अधिकारी डॉली कुमारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेश सिंह, कृषि पदाधिकारी नागेंद्र कुमार, सांख्यिकी अधिकारी अशोक गुप्ता, मुखिया गुड्डी देवी और कौशल किशोर प्रसाद सहित सभी कृषि समन्वयक व सलाहकार मुख्य रूप से मौजूद थे .
