मुजफ्फरपुर हथौड़ी से प्रभात रंजन की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी और बेरई पावर सब-स्टेशन (पीएसएस) क्षेत्र में बुधवार को बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई.दोनों सब-स्टेशन से जुड़े दर्जनों गांवों में लगातार लगभग 6 घंटे तक बिजली की आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही.इस अघोषित बिजली कटौती के कारण स्थानीय आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया.आसमान से बरसती आग और भीषण गर्मी के बीच बिजली कटने से लोगों के घरों के इन्वर्टर डाउन हो गए और पानी की मोटर न चलने से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस गए.
सड़क निर्माण कार्य के कारण बंद की गई थी बिजली
बिजली विभाग के कनीय अभियंता (जेई) के अनुसार, क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर बिजली आपूर्ति को बंद करना पड़ा था.सड़क चौड़ीकरण या मरम्मत के दौरान बिजली के तारों और खंभों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया था.हालांकि, उपभोक्ताओं का कहना है कि विभाग द्वारा इस कटौती की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी, जिससे उन्हें पानी स्टॉक करने तक का मौका नहीं मिला.
चरमराई बिजली व्यवस्था से ग्रामीणों में आक्रोश
दूसरी तरफ, स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इन दिनों क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर आ चुकी है.आए दिन बिना किसी ठोस वजह के घंटों बिजली काट दी जाती है.भीषण गर्मी के इस मौसम में बार-बार हो रही ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है.ग्रामीणों ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से बिजली व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है.
