Muzaffarpur News: शहर के व्यस्त कलमबाग-अघोरिया बाजार रोड पर सड़क का अतिक्रमण कर रखी गई गिट्टी और बालू को नगर निगम की टीम ने जब्त कर लिया है. यहाँ एक बड़े अपार्टमेंट का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके ठेकेदार ने निर्माण सामग्री को मुख्य सड़क पर ही फैला दिया था. इसके चलते सड़क के आधे से अधिक हिस्से पर कब्जा हो गया था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और जाम की स्थिति बनी हुई थी.
रास्ते से गुजर रहे नगर आयुक्त की नजर पड़ते ही एक्शन में आई टीम
इस अतिक्रमण पर कार्रवाई तब हुई जब गुरुवार को नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह खुद उस रास्ते से गुजर रहे थे. सड़क पर फैली गिट्टी-बालू और उसके कारण राहगीरों को हो रही परेशानी पर नजर पड़ते ही उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया. नगर आयुक्त ने तत्काल नगर निगम की टीम और सिटी मैनेजर को मौके पर पहुंचकर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का कड़ा निर्देश जारी कर दिया.
जेसीबी लेकर पहुंची निगम की टीम, मची खलबली
नगर आयुक्त का आदेश मिलते ही गुरुवार शाम नगर निगम की प्रवर्तन टीम भारी अमले के साथ निर्माण स्थल पर पहुंच गई. निगम कर्मियों ने बिना कोई वक्त गंवाए जेसीबी की मदद से सड़क पर अवैध रूप से रखी पूरी गिट्टी और बालू को उठा लिया और उसे जब्त कर अपने साथ ले गई. नगर निगम की इस अचानक और सख्त कार्रवाई से निर्माण करा रहे लोगों और इलाके के अन्य अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया. निगम प्रशासन ने दोटूक चेतावनी दी है कि सड़कों को घेरकर जनता को परेशान करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट
