मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर नगर निगम में पिछले दो हफ्तों से जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आने वाले आम नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. जन्म-मृत्यु पंजीकरण के केंद्रीय ऑनलाइन पोर्टल में अचानक आई बड़ी तकनीकी खराबी के कारण बीते 23 मई से ही ऑनलाइन पंजीकरण और नया सर्टिफिकेट जारी करने का पूरा काम पूरी तरह ठप पड़ा है. इस तकनीकी व्यवधान की वजह से नगर निगम में अब तक 1000 से अधिक आवेदन पेंडिंग हो चुके हैं और हर दिन सैकड़ों लोग निगम कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर हैं.
स्कूल दाखिले से लेकर बीमा दावों तक के काम अटके, जनता परेशान
प्रमाण पत्र नहीं बनने से सबसे ज्यादा परेशानी उन अभिभावकों को हो रही है जो नए शैक्षणिक सत्र में बच्चों के स्कूल दाखिले, पहचान पत्र बनवाने या अन्य कल्याणकारी सरकारी योजनाओं के लाभ के लिए जन्म प्रमाण पत्र का इंतजार कर रहे हैं. वहीं, दूसरी ओर मृत्यु प्रमाण पत्र अटकने से कई पीड़ित परिवारों को दिवंगत सदस्यों के बैंकिंग कार्यों, पारिवारिक पेंशन और बीमा दावों (इंश्योरेंस क्लेम) के निपटारे में बड़ी कानूनी बाधा आ रही है. लोग रोज बड़ी उम्मीद लेकर निगम पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें काउंटर से बैरंग लौटना पड़ रहा है जिससे आम जनता में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
जिला रजिस्ट्रार को दी गई सूचना, पोर्टल सुधारने का प्रयास जारी
मुजफ्फरपुर नगर निगम के निबंधक द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, इस गंभीर तकनीकी समस्या के संबंध में सक्षम उच्चाधिकारियों और अपर जिला रजिस्ट्रार को पहले ही लिखित व मौखिक रूप से सूचित किया जा चुका है. वर्तमान में मुख्य तकनीकी टीम द्वारा इस खराबी को दूर करने और सर्वर को पैच करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आम जनता के लिए इस महत्वपूर्ण नागरिक व्यवस्था को जल्द से जल्द फिर से सुचारू किया जा सके. नगर निगम प्रशासन ने कहा है कि जैसे ही यह केंद्रीय पोर्टल पूरी तरह से सक्रिय होगा, प्राथमिकता के आधार पर पेंडिंग प्रमाण पत्र जारी करने की सेवाएं पूर्ववत शुरू कर दी जायेंगी.
