मुजफ्फरपुर से कुमार दीपू की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: सदर अस्पताल परिसर स्थित मॉडल अस्पताल में अब उन मरीजों का भी बेहतरीन इलाज हो सकेगा, जिनकी हड्डियां कई हिस्सों में बुरी तरह टूट चुकी हैं. इसके लिए अस्पताल में आधुनिक सीआर (कंप्यूटेड रेडियोग्राफी) मशीन उपलब्ध करा दी गई है. मशीन के इंस्टॉल होते ही मरीजों का इलाज शुरू हो जाएगा. इस सुविधा के लाइव होने से अब हड्डी के गंभीर मरीजों को पटना, दिल्ली या अन्य राज्यों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. मॉडल अस्पताल में ऐसे सभी मरीजों का बिल्कुल मुफ्त इलाज किया जाएगा.
गंभीर मरीजों को नहीं जाना होगा पटना-दिल्ली
अस्पताल में पहले समुचित आधुनिक संसाधन न होने के कारण गंभीर मरीजों को अक्सर पटना या दिल्ली रेफर करना पड़ता था. सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि अस्पताल के पास पहले से ही तीन कुशल हड्डी रोग विशेषज्ञ तैनात हैं. अब इस अत्याधुनिक डिजिटल मशीन के आने से डॉक्टरों को जटिल सर्जरी करने में काफी आसानी होगी.
कम रेडिएशन और सटीक डिजिटल इमेज
इस मशीन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पारंपरिक एक्स-रे फिल्म की जगह हाई-क्वालिटी डिजिटल इमेज देती है. सिविल सर्जन के अनुसार, यह इमेज अधिक विस्तृत और सटीक होती है, जिससे डॉक्टर हड्डी के फ्रैक्चर को गहराई से समझ सकते हैं. यह मशीन बेहद कम रेडिएशन छोड़ती है, जिससे मरीज सुरक्षित रहते हैं. इसके नतीजों के आधार पर सटीक सर्जरी होने से इलाज के बाद हाथ-पैर टेढ़े होने की समस्या से भी निजात मिलेगी.
