Muzaffarpur News: उत्तर बिहार के देवघर के रूप में प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में आज आस्था का संगम दिखेगा. बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व तथा कला-संस्कृति मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी आज बाबा गरीबनाथ के दरबार में मत्था टेकेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मंत्री मंदिर पहुंचकर बाबा का जलाभिषेक करेंगे और राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना के लिए विशेष पूजा-अर्चना में शामिल होंगे.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, मंदिर प्रशासन ने पूरी की तैयारी
मंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं. मंदिर परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष रूट चार्ट बनाया गया है. स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और मंदिर प्रशासन की ओर से मंत्री के भव्य स्वागत की तैयारी की गई है.
कलाकारों और प्रबुद्ध जनों में उत्साह
कला-संस्कृति मंत्री के रूप में प्रमोद चंद्रवंशी के इस दौरे को लेकर मुजफ्फरपुर के स्थानीय कलाकारों, साहित्यकारों और प्रबुद्ध जनों में काफी उत्साह देखा जा रहा है. लोगों को उम्मीद है कि बाबा के दर्शन के साथ-साथ मंत्री जी स्थानीय कला और संस्कृति के विकास को लेकर भी कुछ महत्वपूर्ण चर्चा कर सकते हैं. पूजा और जलाभिषेक के पश्चात मंत्री स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों और कार्यकर्ताओं से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे. इसके बाद वे जिले के कुछ अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भी शामिल हो सकते हैं.
बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक का विशेष महत्व है और मंत्री का यह दौरा धार्मिक के साथ-साथ सामाजिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
