मुजफ्फरपुर: मीनापुर में भीषण सड़क हादसा, कंप्यूटर क्लास जा रहे दो युवकों की मौत

Muzaffarpur News: मीनापुर के खुटौना मोड़ पर बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई. दोनों कंप्यूटर क्लास करने जा रहे थे. हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने मुजफ्फरपुर-शिवहर मुख्य मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. पढे़ं पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर के मीनापुर से संतोष कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: मीनापुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई. कंप्यूटर क्लास करने जा रहे दोनों युवक बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर का शिकार हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने मुख्य सड़क को जाम कर विरोध जताया.

खुटौना मोड़ के पास हुआ भीषण हादसा

जानकारी के अनुसार, मीनापुर थाना क्षेत्र के खुटौना मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार बस और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया.

कंप्यूटर क्लास के लिए जा रहे थे दोनों युवक

मृतकों की पहचान सिवाइपट्टी थाना क्षेत्र के हरहिंया गांव निवासी बैजू पंडित के पुत्र राजन कुमार और मद्येयपुर निवासी कन्हाई पांडेय के पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों युवक घर से कंप्यूटर क्लास करने के लिए मीनापुर जा रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हो गया.

बस और बाइक की हुई आमने-सामने टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस मुजफ्फरपुर से शिवहर की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार युवक शिवहर की तरफ से मीनापुर आ रहे थे. खुटौना मोड़ के पास दोनों वाहनों की सीधी टक्कर हो गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ.

सड़क जाम कर लोगों ने जताया विरोध

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. हादसे से नाराज लोगों ने मुजफ्फरपुर-शिवहर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >