मुजफ्फरपुर के मीनापुर से संतोष कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: जिले के मीनापुर प्रखंड अंतर्गत धरमपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में सुरेश प्रसाद ने एक बार फिर बाजी मार ली है. बुधवार की देर रात संपन्न हुई मतगणना में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी जगन्नाथ भगत को पराजित कर अपनी बादशाहत बरकरार रखी. इस त्रिकोणीय मुकाबले में सुरेश प्रसाद को सर्वाधिक 383 मत प्राप्त हुए, जबकि जगन्नाथ भगत को 269 और तीसरे प्रत्याशी संजय कुमार को 182 वोटों से संतोष करना पड़ा.
शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ 59.23 प्रतिशत मतदान
इससे पहले धरमपुर पैक्स अध्यक्ष और प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ संजय कुमार सिन्हा के मुताबिक, इस चुनाव में कुल 59.23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. पंचायत के कुल 1492 मतदाताओं में से 866 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला किया.
चुनाव मैदान में थे कुल 32 उम्मीदवार, सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम
इस चुनावी दंगल में अध्यक्ष पद के लिए 3 और प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य के 29 पदों के लिए मैदान में उतरे उम्मीदवारों सहित कुल 32 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे थे. चुनाव को निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में कराने के लिए रामपुरहरि थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल की पुख्ता व्यवस्था की गई थी. वहीं, देर रात हुई मतगणना के दौरान बीडीओ और सीओ के साथ-साथ मीनापुर थाने की पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आई.
