Muzaffarpur News: गर्मी और घंटों जाम, सड़कों पर बेहाल हुए स्कूली बच्चे, साइरन बजाती रही एम्बुलेंस, प्रशासन हुआ फेल.

Muzaffarpur News: मोतीझील, अघोरिया बाजार और कलमबाग चौक इलाके में सोमवार को भीषण जाम के कारण हाहाकार मच गया. गर्मी के बीच एम्बुलेंस और स्कूल बसों के घंटों फंसे रहने से मरीजों और बच्चों की स्थिति बिगड़ गई. प्रशासन जाम को नियंत्रित करने में जुटा है. पढ़ें पूरी खबर…

 Muzaffarpur News: उत्तर बिहार के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र मुजफ्फरपुर की यातायात व्यवस्था सोमवार को पूरी तरह चरमरा गई. शहर के हृदय स्थली कहे जाने वाले मोतीझील ओवर ब्रिज से लेकर कलमबाग चौक, अघोरिया बाजार, हरिसभा चौक और कल्याणी चौक तक पिछले दो घंटों से भीषण जाम लगा हुआ है. चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी के बीच हजारों लोग सड़कों पर कैद होकर रह गए हैं.

एम्बुलेंस में फंसे मरीजों की जान पर आफत

इस महाजाम का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि इसमें कई एम्बुलेंस फंसी हुई हैं. एम्बुलेंस के साइरन की लगातार गूंज के बावजूद वाहनों को हटने की जगह नहीं मिल पा रही है. रास्ता न मिल पाने के कारण गंभीर मरीजों की जान जोखिम में पड़ी हुई है. तीमारदार बेबसी में एम्बुलेंस से बाहर निकलकर रास्ता मांगते नजर आए, लेकिन वाहनों की लंबी कतारों के आगे पुलिस और पब्लिक दोनों बेबस दिखे.

भीषण गर्मी में मासूमों का बुरा हाल

स्कूलों में छुट्टी के बाद घर लौट रहे स्कूली वाहन भी इस जाम के मुख्य केंद्र में फंस गए हैं. भीषण गर्मी और ऊपर से तपती सड़कों पर खड़ी बसों और वैन के भीतर बैठे मासूम बच्चे पसीने से तर-बतर और बेहाल नजर आए. प्यास और गर्मी के कारण कई बच्चों की स्थिति बिगड़ने लगी.

गर्मी का टॉर्चर और धुआं

जैसे-जैसे दिन चढ़ा और पारा बढ़ा, सड़कों पर खड़ी हजारों गाड़ियों के साइलेंसर से निकलने वाले धुएं ने वातावरण को और भी दमघोंटू बना दिया है. लोग रुमाल से मुंह ढके जाम से निकलने की नाकाम कोशिश करते दिखे. स्थानीय प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की टीमें जाम छुड़ाने की जद्दोजहद में जुटी हैं, लेकिन सड़कों पर दबाव इतना अधिक है कि रफ्तार पूरी तरह गायब है.

मुजफ्फरपुर से दीपक कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >