मुजफ्फरपुर से ललितांशु की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: लिच्छवी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14005) में पैंट्रीकार स्टाफ द्वारा एक यात्री सौरभ कुमार को चलती ट्रेन से नीचे फेंकने की धमकी दिए जाने के मामले को रेलवे ने बेहद गंभीरता से लिया है. पीड़ित यात्री का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शुक्रवार को रेल प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम (DRM) ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर संबंधित विभाग से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है.
डीआरएम के सख्त निर्देश के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप
डीआरएम के इस सख्त रुख के बाद रेलवे ने मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है. समस्तीपुर मंडल के अधिकारियों के मुताबिक, चलती ट्रेन में सफर कर रहे किसी भी यात्री से अभद्र व्यवहार और इस तरह की गंभीर धमकी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यह यात्रियों की सुरक्षा के साथ सरासर खिलवाड़ है.
पैंट्रीकार स्टाफ का ब्योरा जुटाने में जुटी पुलिस, होगी कड़ी कार्रवाई
फिलहाल रेल प्रशासन द्वारा संबंधित विभाग से पैंट्रीकार के उस आरोपी कर्मचारी और घटना के वक्त मौजूद पूरे स्टाफ का पूरा ब्योरा जुटाया जा रहा है. रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी रेलकर्मियों और कॉन्ट्रैक्ट स्टाफ के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
