मुजफ्फरपुर: पखनाहा चौक पर सड़क हादसा, बस की टक्कर से अधेड़ की मौत के बाद भारी बवाल

Muzaffarpur News: पखनाहा चौक फोरलेन पर रविवार देर रात अनियंत्रित बस की टक्कर से बाइक सवार लालबाबू ठाकुर की मौत हो गई. हादसे से नाराज ग्रामीणों ने मिनी फ्लाई ओवर की मांग को लेकर हंगामा किया और बस में तोड़फोड़ की. जानिए पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज मिश्रा की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: मीनापुर थाना के पानापुर ओपी अंतर्गत पखनाहा चौक फोरलेन पर रविवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार अनियंत्रित बस की ठोकर लगने से बाइक सवार एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान कांटी नगर परिषद क्षेत्र के अकुराहा खरगी निवासी लालबाबू ठाकुर (47 वर्ष) के रूप में हुई है.

सब्जी खरीदकर घर लौटने के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लालबाबू ठाकुर पखनाहा बाजार से सब्जी खरीदकर बाइक से फोरलेन पार कर रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि परिजनों के पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया. हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर बस छोड़कर मौके से फरार हो गया.

मिनी फ्लाई ओवर की मांग को लेकर फूटा गुस्सा, बस में तोड़फोड़

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जमकर हंगामा किया और खड़ी बस में तोड़फोड़ की. लोगों का कहना है कि व्यस्त पखनाहा चौक पर कट होने के कारण आए दिन हादसे होते हैं. बाजार होने की वजह से यहां दर्जनों गांवों के हजारों लोग आते हैं, लेकिन प्रशासन या एनएचएआई ने सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं किया है. ग्रामीण यहां मिनी फ्लाई ओवर बनाने की मांग कर रहे थे.

पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया मामला

घटना की सूचना मिलते ही पानापुर ओपी की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय बुद्धिजीवियों की मदद से आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फोरलेन पर यातायात सुचारू कराया गया. पुलिस ने बस को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >